Gwalior News – रास्ता पूछने के दौरान ओवरलोड डंपर की चपेट में आया परिवार
Gwalior के बिजौली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत ग्वालियर जिले के बिजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत रतवाई रोड पर गुरुवार दोपहर करीब एक बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से भरे ओवरलोड डंपर ने बाइक सवार पूरे परिवार को कुचल दिया, जिससे माता-पिता और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
इंजीनियरिंग परीक्षा देने जा रही थी बेटी
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के करोती गांव निवासी चंद्रपाल जाटव (45), उनकी पत्नी राजश्री (38) और बेटी अर्पिता (21) के रूप में हुई है।
अर्पिता ग्वालियर में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और हॉस्टल में रहती थी। गुरुवार को उसकी परीक्षा थी, जिसके लिए माता-पिता उसे परीक्षा केंद्र तक छोड़ने आए थे।

रास्ता पूछते समय हुआ हादसा
परिजन बाइक से बिजौली थाना क्षेत्र के चितौरा स्थित बीवीएम कॉलेज परीक्षा केंद्र जा रहे थे। रतवाई रोड पर वे परीक्षा केंद्र से आगे निकल गए। रास्ता पूछने के लिए बाइक मोड़ते समय सामने से तेज रफ्तार में आ रहे गिट्टी से लदे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मची अफरा-तफरी, ग्रामीणों का हंगामा
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर को जब्त कर लिया और चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर तक हंगामा भी किया।
ओवरलोड और तेज रफ्तार बना हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि डंपर तेज रफ्तार और ओवरलोड था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





