जांजगीर-चांपा में शराब दुकान कर्मचारी ने खुद को लगाई आग, सुसाइड नोट से मचा हड़कंप
जांजगीर-चांपा – छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जैजैपुर स्थित शराब दुकान में कार्यरत एक प्लेसमेंट कर्मचारी ने मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना शराब दुकान परिसर के सामने हुई, जहां मौजूद कर्मचारियों की सतर्कता से समय रहते उसकी जान बचा ली गई।
समय पर इलाज से बची जान
घटना के तुरंत बाद घायल कर्मचारी को जैजैपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है और निगरानी में इलाज जारी है।
सुसाइड नोट में गंभीर आरोप
आत्मदाह का प्रयास करने वाले कर्मचारी की पहचान आकाश कर्ष के रूप में हुई है, जो जैजैपुर शराब दुकान में सेल्समैन के पद पर कार्यरत है। आकाश ने घटना से पहले एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने जिला आबकारी विभाग के कुछ अधिकारियों और प्लेसमेंट एजेंसी पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ट्रांसफर की धमकी और पैसों की मांग
सुसाइड नोट में आकाश ने लिखा है कि उसे जैजैपुर से सक्ती ट्रांसफर करने की धमकी दी जा रही थी और लगातार पैसों की मांग कर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। बताया गया है कि वेतन बढ़ने के बाद प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा कर्मचारियों से अवैध वसूली की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं।
कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि की तीखी प्रतिक्रिया
मामले को लेकर कांग्रेस विधायक के जिला प्रतिनिधि उमाशंकर चन्द्रा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसमें शामिल प्लेसमेंट कंपनी तथा आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर निष्पक्ष जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।






