KORBA में तीन स्कॉर्पियो में स्कूली बच्चों का खतरनाक स्टंट, लड़कियां भी शामिल, वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल
KORBA । यातायात सुरक्षा माह के बीच कोरबा जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। बालको थाना क्षेत्र में स्कूली छात्र-छात्राओं ने तीन स्कॉर्पियो वाहनों में सवार होकर चलती गाड़ी से खिड़की के बाहर आधा शरीर निकालकर खतरनाक स्टंट किया। इस दौरान लड़कियां भी पीछे नहीं रहीं और अलग-अलग पोज़ देते हुए रील बनाती नजर आईं।
कोरबा में चलती स्कॉर्पियो से स्टंट, छात्र-छात्राओं ने तोड़े नियम
बताया जा रहा है कि एक स्कूल के विद्यार्थियों ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल में फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी में शामिल होने से पहले और बाद में छात्रों ने स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं। कोई खिड़की से बाहर निकलकर वीडियो बनाता दिखा तो कोई चलती गाड़ी में सेल्फी लेता नजर आया।
बालको थाना क्षेत्र का मामला
फेयरवेल पार्टी के बाद विद्यार्थियों ने पंजाबी गाने के साथ स्टंट का पूरा वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही कोरबा पुलिस हरकत में आ गई है।
कोरबा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे वाहन नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक की पहचान की जा रही है। इसके बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
गौर करने वाली बात यह है कि एक ओर पुलिस विभाग यातायात सुरक्षा माह के तहत स्कूलों में जाकर छात्रों को नियमों के प्रति जागरूक कर रहा है, वहीं दूसरी ओर स्कूली विद्यार्थी खुद ही नियमों का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं।






